बुधवार, 22 मार्च 2023 | 10:23 IST
समर्थन और विरोध केवल विचारों का होना चाहिये किसी व्यक्ति का नहीं!!
होम | खेल | शिवम मावी- पूत के पांव पालने में, श्रीलंका के खिलाफ कैसे किया कमाल?

शिवम मावी- पूत के पांव पालने में, श्रीलंका के खिलाफ कैसे किया कमाल?


भारत और श्रीलंका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने दो रन से जीत लिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय तेज गेंदबाज शिवम मावी का यह पहला मैच था और उन्होंने चार विकेट लेकर काफी प्रभावित किया। 

 

इस मैच को टीवी पर देख रहे उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं था। जब जब मावी कमाल करते, घरवाले टीवी के सामने ही खुशी से उछल पड़ते। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 162 रन बनाए थे। इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 160 रन ही बना पाई और मैच हार गई। भारत ने मैच दो रन से अपने नाम किया। टी20 में रन के लिहाज से यह भारत की तीसरी सबसे छोटी जीत है।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के कप्तान दासुन शानाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरी है। टीम की कप्तानी हार्दिक पंड्या के पास है। वहीं शुभमन गिल और शिवम मावी डेब्यू कर रहे हैं। मावी को अर्शदीप सिंह के बीमार होने की वजह से मौका मिला।

शिवम मावी और शुभमन गिल भारत के लिए टी20 मैच खेलने वाले 100वें और 101वें खिलाड़ी बन गए हैं। दोनों 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का हिस्सा थे। न्यूजीलैंड में हुए टूर्नामेंट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब जीता था। गिल टूर्नामेंट के बेस्ट खिलाड़ी थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला था। वहीं मावी को 6 मैचों में 9 विकेट मिले थे। अर्शदीप सिंह भी उसी वर्ल्ड कप का हिस्सा थे। लेकिन वह टीम के चौथे तेज गेंदबाज थे। ईशान पोरेल के चोटिल होने पर उन्हें कुछ मैचों में मौका मिला था।

अंडर-19 वर्ल्ड कप के बाद दोनों खिलाड़ियों को कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था। 2019 से 2021 से तक दोनों एक साथ केकेआर का हिस्सा थे। 2022 में गिल गुजरात टाइटंस के साथ जुड़ गए। इस साल नीलामी में गुजरात ने शिवम मावी को भी खरीद लिया है। दोनों खिलाड़ी एक साथ गुजरात के लिए भी खेलेंगे। घरेलू क्रिकेट में गिल पंजाब और मावी यूपी के लिए खेलते हैं।

24 साल के शिवम मावी ने अभी तक 46 मैच खेले हैं। इसमें उनके नाम 46 विकेट हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 14 रन देकर 4 विकेट हैं। वहीं 23 साल के शुभमन गिल ने 95 टी20 मैच में 2002 रन बनाए हैं। वह एक शतक और 17 फिफ्टी लगा चुके हैं।



© 2016 All Rights Reserved.
Follow US On: