होम |
क्राइम | 'अग्निपथ' के विरोध में युवा हुआ हिंसक, ट्रेन-बसें फूंकीं, बिहार में डिप्टी CM के घर पर किया हमला
'अग्निपथ' के विरोध में युवा हुआ हिंसक, ट्रेन-बसें फूंकीं, बिहार में डिप्टी CM के घर पर किया हमला
देशभर के कई राज्यों में भर्ती योजना के खिलाफ कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार में तीसरे दिन भी प्रदर्शन उग्र हो गया है। राजधानी पटना समेत 25 जिलों में जमकर बवाल हो रहा है। पटना के दानापुर स्टेशन पर ट्रेन और पार्सल रूम में आग लगा दी गई। स्टेशन के बाहर खड़ी गाड़ियों को फूंक दिया गया। पुलिस पर पथराव किया गया। यहां तक कि बेतिया में प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी सीएम रेणु देवी, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय जायसवाल के घर पर हमला किया। यहां पर भाजपा विधायक विनय बिहारी की गाड़ी पर पथराव किया गया।
आपको बता दें कि सुबह से अब तक 8 ट्रेनों को निशाना बनाया गया है। समस्तीपुर में 2, लखीसराय में 2, दानापुर, फतुहा, आरा और सुपौल में एक-एक यात्री ट्रेन में प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी। वहीं, बक्सर और नालंदा समेत कई जिलों में रेलवे ट्रैक पर आगजनी की गई है। आरा के बिहिया रेलवे स्टेशन पर उपद्रवियों ने स्टेशन पर लूटपाट की है। टिकट काउंटर से लगभग 3 लाख रुपए लूट लिए हैं।
दूसरी तरफ सासाराम में टोल प्लाजा में घुसकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। टोल प्लाजा में आगजनी भी की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी है। कई राउंड फायरिंग की खबर है। आरा में सड़क पर आगजनी के बाद जाम लगाया गया है।
अब प्रदर्शनकारियों ने कल बिहार बंद बुलाया है। तीन दिन से चल रहे हिंसक प्रदर्शन के बाद आइसा-इनौस, रोजगार संघर्ष संयुक्त मोर्चा और सेना भर्ती जवान मोर्चा ने 18 जून को बिहार बंद का आह्वान किया है। इसके साथ ही राजनीतिक-सामाजिक संगठनों और बिहार की जनता से सेना और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए बिहार बंद को सक्रिय रूप से समर्थन देने की अपील भी की है।
बेतिया में यात्रियों को ट्रेन से उताकर मारपीट की गई। पुलिस पर भी पथराव हुआ है। डिप्टी सीएम रेणु देवी के सरकारी आवास पर भी हमला किया गया है। बेतिया के लौवरिया से बीजेपी विधायक विनय बिहारी पर भी हमला हुआ है। वैशाली के हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर उग्र छात्रों ने तोड़फोड़ की है। समस्तीपुर में प्रदर्शनकारियों ने जम्मूतवी-गुवाहाटी एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति में आग लगा दी। हाजीपुर-बरौनी रेलखंड के मोहिउद्दीननगर स्टेशन पर भी आगजनी की गई है। प्रदर्शनकारी सुबह 6 बजे से ही ट्रैक पर डटे हुए हैं। रेलवे ने जहां-तहां ट्रेनों को रोक दिया है। कई ट्रेनें रद्द भी कर दी गई हैं।
वहीं खगड़िया में भी फिर से प्रदर्शन शुरू हो गया है। मानसी जंक्शन पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ जुटने लगी है। इधर, छपरा में छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर चैनवा टोल बोर्ड पर प्रदर्शकारियों ने जमकर हंगामा किया। टोल बूथ पर तोड़फोड़ के बाद रोड जाम कर दिया गया है।