बुधवार, 22 मार्च 2023 | 09:30 IST
समर्थन और विरोध केवल विचारों का होना चाहिये किसी व्यक्ति का नहीं!!
होम | देश | लव जिहाद पर तीखा भाषण देकर फंस गई बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर

लव जिहाद पर तीखा भाषण देकर फंस गई बीजेपी सांसद प्रज्ञा ठाकुर


बीजेपी नेता साध्वी प्रज्ञा के बयान पर बवाल शुरू हो गया है। उन्होंने लव जिहाद को लेकर कर्नाटक में एक विवादित बयान दिया है। अब उस बयान पर ओवैसी की तरफ

पलटवार हुआ है। कांग्रेस ने न केवल शिकायत दर्ज करवाई बल्कि पलटवार भी किया है। सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने पूछा है कि क्या देश संविधान से चलेगा या चाकू से चलेगा।

भोपाल से BJP सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हिंदू समुदाय से अपने घरों में हथियार रखने के लिए कहा है। उन्होंने कहा- हिंदुओं को उन पर और उनकी गरिमा पर हमला करने वालों को जवाब देने का अधिकार है। यह विवादित बयान उन्होंने रविवार को कर्नाटक में दिया। सांसद कर्नाटक के शिवमोगा में आयोजित हिंदू जागरण वैदिक के दक्षिण क्षेत्र वार्षिक सम्मेलन में शामिल हुईं। इसका एक वीडियो सामने आया है।

भोपाल की बीजेपी सांसद ने कहा- अपने घरों में हथियार रखो। कुछ नहीं तो कम से कम सब्जियां काटने के लिए चाकू तेज रखो। पता नहीं क्या स्थिति पैदा हो जाए। अगर कोई हमारे घर में घुसपैठ करता है और हम पर हमला करता है, तो मुंहतोड़ जवाब देना हमारा अधिकार है।

ठाकुर ने लव जिहाद पर कहा- उनके पास जिहाद की परंपरा है, अगर कुछ नहीं है, तो वे लव जिहाद करते हैं। अगर वे प्यार भी करते हैं, तो उसमें भी जिहाद करते हैं। हम भी प्यार करते हैं, भगवान से प्यार करते हैं, एक संन्यासी अपने भगवान से प्यार करता है।

संन्यासी के अनुसार, जब तक सभी अत्याचारी और पापी लोगों को हटा नहीं दिया जाता है, तब तक ईश्वर द्वारा बनाई गई इस दुनिया में प्रेम की सच्ची परिभाषा जीवित नहीं रह सकती है।

सांसद ने कहा- लव जिहाद में शामिल लोगों को उसी तरह से जवाब दें। अपनी लड़कियों को सुरक्षित रखो, अपनी लड़कियों को संस्कारित करो। अपने घर में हथियार रखो, कुछ नहीं तो सब्जी काटने वाला चाकू जरा तेज रखो... स्पष्ट बोल रही हूं। उन्होंने चाकू से हमारी हर्षा को गोदा। उन्होंने चाकू से हमारे हिंदू वीरों, बजरंग दल, भाजपा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गोदा है, काटा है। हम भी सब्जी काटने वाला चाकू तेज रखें। पता नहीं कब कैसा मौका आए। जब हमारी सब्जी अच्छे से कटेगी, तो निश्चित रूप से मुंह और सिर भी अच्छे से कटेंगे।

प्रज्ञा शिवमोगा में ही एक कार्यकर्ता के घर पहुंचीं। यहां उन्होंने फेसबुक लाइव कर कहा- आज दक्षिण कर्नाटक के शिवमोगा में हर्षा हिंदू के घर पर आई हूं। हर्षा को 28 फरवरी को PFI के कार्यकर्ताओं ने तलवारों से काट दिया। सड़क पर हर्षा तड़प रहा था, लेकिन उस योद्धा ने हार नहीं मानी। उसने पूरे कर्नाटक और पूरे देश को जगा दिया और PFI पर बैन लगा। आज हिंदू जागरण मंच के कार्यक्रम में मैंने दक्षिण भारत में मुगलों से लड़ने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी। ये स्वतंत्रता के बाद की स्थिति है।

प्रज्ञा ने कहा- आज जब मैं यहां आई, तो लग रहा था कि मैं उस हर्षा के घर जा रही हूं, जो वीरगति को प्राप्त हुआ। मुझे लग रहा था कि उसके माता-पिता, बहनें सभी दुखी होंगे, आंखें नम किए बैठे होंगे, लेकिन जैसे ही मैं उसके दरवाजे पर आई, उसकी दोनों बहनें अश्विनी और रजनी ने मेरी आरती उतारी और मुस्कुराकर अभिनंदन किया। लग रहा था कि वे वीर योद्धा की बहनें हैं।

मुझे लगा कि देशभक्त ऐसे होते हैं, उनके माता-पिता ऐसे होते हैं। यहां के कार्यकर्ता इस घर पर आते रहते हैं और कहते हैं कि हम हर्षा की कमी महसूस नहीं होने देंगे। उनकी बहनें, माता-पिता कहते हैं कि ये भी मेरे हर्षा जैसे हैं। हर्षा दोनों बहनों के बीच इकलौता भाई था। देश के लिए जो करता है, वो कभी नहीं मरता। हर्षा के परिवार के सुख-दुख में हम सब शामिल हैं।

कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा का कहना है कि विध्वंसकारी सांसद ही ऐसा कर सकता है। जिसके हाथों में बम रहे हों, जिसका मालेगांव सहित कई बमकांड में हाथ रहा हो। जिसका अपने ही प्रचारक सुनील जोशी की हत्या में नाम रहा हो। विध्वंसकारी विचारों से ही ऐसे विध्वंस की बात होती है।

प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि एक बम ब्लास्ट की आरोपी जमानत पर रिहा भाजपा सांसद जनता को चाकू तेज करने की सलाह दे रहीं है। देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री जी सुन रहे हैं या नहीं? उन्होंने पूछा कि देश बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान से चलेगा या चाकू से चलेगा।

 

 



© 2016 All Rights Reserved.
Follow US On: