होम |
देश | Maharastra Political Crisis: महाराष्ट्र की सत्ता पर आर या पार, राज्यपाल ने दिए फ्लोर टेस्ट का आदेश
Maharastra Political Crisis: महाराष्ट्र की सत्ता पर आर या पार, राज्यपाल ने दिए फ्लोर टेस्ट का आदेश
महाराष्ट्र में चल रहे सियासी संकट के बीच महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने कल, 30 जून 2022 को फ्लोर टेस्ट कराने का निर्देश दिया है। जिसके बाद अब एकनाथ शिंदे और उनके विधायकों का खेमा फ्लोर टेस्ट के लिए कल मुंबई लौटेगा। महाराष्ट्र की सियासत में गुरुवार को यह तय हो जाएगा कि सूबे की सियासत का 'गुरु' कौन है और किसे सत्ता मिलेगी। आपको बता दें कि एकनाथ गुट के विधायक सीधे मुंबई नहीं पहुंचेंगे बल्कि आज गोवा में ठहरेंगे।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सीएम उद्धव ठाकरे को कल विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर फ्लोर टेस्ट कराने को कहा है। इस बीच बीजेपी और शिवसेना के बागी एकनाथ शिंदे गुट की भी तैयारी पूरी नजर आ रही है। गुवाहाटी से चौपाटी आने की शिवसेना की चुनौती को एकनाथ शिंदे गुट ने स्वीकार किया है और कल मुंबई पहुंचने की बात भी कही है। हालांकि एकनाथ शिंदे गुट के विधायक सीधे मुंबई नहीं पहुंचेंगे बल्कि आज गोवा में ठहरेंगे। बागी विधायकों के लिए ताज रिजॉर्ट होटल में उनके लिए 70 कमरों की बुकिंग की गई है।
इस बीच फ्लोर टेस्ट कराने के राज्यपाल के आदेश पर शिवसेना भड़क गई है। पार्टी के सीनियर नेता संजय राउत ने कहा कि संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इन लोगों का तो पर्यटन चल रहा है। गुवाहाटी से अब गोवा आएंगे। पता नहीं वहां से मुंबई आएंगे या फिर वहां पहाड़, नदी और अच्छे होटल देखेंगे। उन्होंने होटल में विधायकों के लिए कमरे बुक होने पर कहा कि कोई उनके लिए पैसे चुका रहा है। उनके पास कोई कमी थोड़ी है। गौरतलब है कि एकनाथ शिंदे ने अपने साथ 48 विधायकों का समर्थन होने का दावा किया है।