होम |
देश | इस उद्योगपति ने की अपनी पूरी 600 करोड़ की संपत्ति गरीबों के नाम!
इस उद्योगपति ने की अपनी पूरी 600 करोड़ की संपत्ति गरीबों के नाम!
आपको भारत के इतिहास में बड़े बड़े दानवीरों का नाम जरूर सुना होगा लेकिन कलयुग में इतने बड़े दानवीर के बारे में आप पहली बार सुन रहे होंगे। मुरादाबाद के उद्योगपति डॉ. अरविंद कुमार गोयल ने अपनी पूरी संपत्ति गरीबों के लिए दान कर दी है। दान की गई संपत्ति की कीमत करीब 600 करोड़ रुपए है। गोयल ने अपने पास सिर्फ घर रखा है। उन्होंने 50 साल की मेहनत से यह प्रॉपर्टी बनाई थी। आपको बता दें कि डॉ. गोयल बिजनेसमैन होने के साथ ही समाजसेवा में भी लगे रहते हैं। गोयल के सहयोग से पिछले करीब 20 साल से देशभर में सैकड़ों वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम और फ्री हेल्थ सेंटर चलाए जा रहे हैं। साथ ही उनकी मदद से चल रहे स्कूलों में गरीब बच्चों को फ्री शिक्षा दी जा रही है। कोविड लॉकडाउन में भी करीब 50 गांवों को गोद लेकर उन्होंने लोगों को मुफ्त खाना और दवा दिलवाई।
आपको बता दें कि डॉ. गोयल ने राज्य सरकार से इच्छा जाहिर की है कि उनकी संपत्ति को बेचकर जो पैसा मिलेगा, उससे गरीबों की मदद की जाए। साथ ही पांच सदस्यीय कमेटी बनाई जाए। इसमें तीन सदस्य वह नामित करेंगे। बाकी दो सरकार की ओर से नामित होंगे। यह कमेटी पूरी संपत्ति को सही रेट पर बेचकर उससे आने वाले पैसे से अनाथ और बेसहारा लोगों के लिए फ्री शिक्षा और चिकित्सा की व्यवस्था करेगी।
आपको बता दें कि डॉ. गोयल की मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि उत्तरप्रदेश के जाने-माने उद्योगपतियों में भी गिनती होती है। प्रदेश के साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके स्कूल-कॉलेज हैं। मुरादाबाद के शीर्ष उद्योगपति होने के बावजूद वो एकदम साधारण तरीके से जीवन जीते हैं।