होम |
उत्तराखंड | उत्तराखण्ड के अफसरों पर लगाम लगाएंगे धामी, कामकाज में सुधार न होने पर नपेंगे
उत्तराखण्ड के अफसरों पर लगाम लगाएंगे धामी, कामकाज में सुधार न होने पर नपेंगे
उत्तराखंड में अफसरों का कामकाज सुधारने के लिए सरकार एसीआर (सालाना गोपनीय रिपोर्ट) के मानक बदलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु को इसके निर्देश दिए हैं। लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी मसूरी चिंतन शिविर में मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज अक्सर अधिकारियों की एसीआर का जिक्र करते हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें बदलाव की जरूरत है। एसीआर लिखते समय यह देखा जाना चाहिए कि अधिकारियों को कितने और क्या काम दिए गए थे। उन्होंने उसमें से कितने काम कैसे किए इसके आधार पर ही एसीआर लिखी जाए। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि अगले एक साल तक सभी के कामकाज का मूल्यांकन करें और उसके आधार पर एसीआर लिखी जाए।
कुछ अफसर कहते हैं सीएम तो कुछ लोगों से घिरे हुए हैं
मुख्यमंत्री ने नौकरशाहों से कहा कि उत्तराखंड बहुत छोटा राज्य है। यहां किसी से कुछ नहीं छिपा रहता। उन्होंने कहा कि पड़ोसी के घर में क्या पक रहा है यह सभी को पता चल जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई बार पत्रकार अफसरों से मिलते हैं। उनके मन की थाह लेने के लिए सरकार की चार बुराइयां करते हैं तो अफसर बोल पड़ते हैं कि सीएम तो कुछ ही लोगों से घिरे हैं। उनकी ही सुनती हैं। कहते हैं जल्दी ही ऊपर से उनकी खिंचाई होने वाली है। पत्रकार साथी मुझे फीडबैक दे देते हैं। फलां अफसर ठीक नहीं चल रहा।