बुधवार, 22 मार्च 2023 | 10:06 IST
समर्थन और विरोध केवल विचारों का होना चाहिये किसी व्यक्ति का नहीं!!
होम | देश | उत्तर भारत में ‘कोल्ड-अटैक’ अगले 5 दिन पड़ेंगे ‘भारी’

उत्तर भारत में ‘कोल्ड-अटैक’ अगले 5 दिन पड़ेंगे ‘भारी’


साल 2022 के अंतिम हफ्ते में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी हैं। उत्तराखण्ड सहित पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली में रविवार की सुबह क्रिसमस की धूम के बीच सर्दी का चार डिग्री का करंट लग गया। अगले तीन दिनों तक पंजाब और हरियाणा और चंडीगढ़ में अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाओं और कम बादल होने के कारण 26 दिसंबर तक तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। न्यूनतम तापमान चार डिग्री और अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्ली के सभी इलाकों में शीत लहर चलने लगी है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से कम भी हो गया है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में 25 व 26 दिसंबर के लिए सर्द दिन व शीत लहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान न्यूनतम व अधिकतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही घना कोहरा एक बार फिर सुबह के समय परेशान करेगा। एनसीआर में जारी ठिठुरन क्रिसमस पर और बढ़ गई है। एनसीआर के इलाकों में भी सर्दी व कोहरे की मार देखने को मिल रही है।

बीते तीन से चार दिनों से दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह शाम लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। दिन के समय हल्की धूप जरुर राहत दे रही हैं। शनिवार को एनसीआर में दिल्ली की सुबह एक बार फिर से सर्द रही। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5.4 और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 20.0 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की माने को अगले पांच दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, बिहार में शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है। सुबह के समय हवा की रफ्तार भी तेज होगी। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा सहित महाराष्ट्र में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पूर्वोत्तर भारत के बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ मध्यम कोहरा रहने की भविष्यवाणी की गई है। वैसे 27 दिसंबर से तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी होनी शुरू होगी। साल के अंत तक तापमान 7 डिग्री तक पहुंच जाएगा।



© 2016 All Rights Reserved.
Follow US On: